चंडीगढ़। बिहार-झारखंड के बाद अब चंडीगढ़ में लव जिहाद में हत्या का एक मामला सामने आया है। पहले से विवाहित मुस्लिम युवक ने पड़ोस में परिवार के साथ रहने वाली हिंदू लड़की को अपने प्रेम के जाल में फंसाया। लगभग दो साल तक उसने लड़की से अपने विवाहित होने की बात छिपाई।
जब लड़की को उसके विवाहित होने का पता चला, तो उसने युवक से दूरी बना ली। मुस्लिम युवक ने लड़की के घर में घुस कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या से पहले दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है।
आरोपित की पहचान बिहार के जिला मधुबनी स्थित गांव बेला निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद शरीक के तौर पर हुई है। लड़की मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की रहने वाली थी। उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को सेक्टर-45 से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से कपड़ों से भरा बैग भी बरामद हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मोहम्मद शरीक फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित को मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले लड़की से दुष्कर्म की भी आशंका है। इसके लिए दोनों के सैंपल फारेंसिक लैब भेजे गए हैं। इसकी पुष्टि होने पर दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी जाएगी।
मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को उनकी बेटी घर पर अकेली थी। वह काम पर गई हुई थीं, जबकि छोटा भाई स्कूल गया हुआ था। उसी समय आरोपित उसके घर में घुसा और गला घोंटकर बेटी की हत्या कर दी। शाम को जब वह घर लौटी, तो बेटी को बेड पर बेसुध पड़े देखा। उसका शरीर नीला पड़ चुका था। उसके बाल बिखरे हुए थे और कान से खून निकल रहा था। उसके गले पर भी खरोंच के निशान थे। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मां ने पुलिस को बताया कि बेटी को लगभग छह महीने पहले आरोपित के पहले से शादीशुदा होने का पता चला था। इसके बाद से उसने उससे दूरी बना ली। इस पर वह उसका पीछा करने लगा, जिससे बेटी काफी परेशान रहने लगी थी।
लगभग डेढ़ महीने पहले बेटी ने मुझे आरोपित के बारे में बताया था। मैंने ही बेटी से उससे दूर रहने को कहा था। बेटी उससे फोन पर भी बात नहीं करती थी, इसी बात से वह गुस्से में था।
पुलिस के अनुसार मोहम्मद शरीक फूड डिलीवरी की नौकरी करता है और वह तीन साल पहले ही चंडीगढ़ आया था। वह लगभग ढाई साल से बुड़ैल में किराये के घर में रह रहा था।


