गुमला में देर रात डायन-बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

अपराध
Spread the love

गुमला। दुखद खबर झारखंड के गुमला जिले से आयी है। यहां के सदर थाना क्षेत्र के लूटो गांव में शनिवार की रात डायन बिसाही के आरोप में एक ही परिवार के तीन लोगों की टांगी से काटकर उसके ही रिश्तेदारों ने हत्या कर दी है।

लूटो निवासी बंधन उरांव, उसकी पत्नी सोमारी देवी व बहू बासमनी देवी की हत्या हुई है। हत्या के आरोपी मृतक के भतीजे बिपता उरांव और जुलू उरांव देर रात पुलिस थाना जाकर खुद को सरेंडर कर दिये, जबकि उसके ही कुछ रिश्तेदार घर से फरार हैं। वही हत्या में प्रयुक्त टांगी भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हत्या किस वजह से की गई है, पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक बंधन उरांव परिवार के साथ शनिवार की शाम को खेत से घर लौटा था, जिसके बाद उसकी बहू बासमनि खाना परोस रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी बिपता उरांव ने बंधन उरांव व उनकी पत्नी को टांगी से वार कर मौत के घाट उतार दिया, जिसकी चीखने की आवाज सुनकर बहू बासमनि निकली, तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। मृतका बासमनी का पति बालकिशुन चेन्नई में मजदूरी करता है। घटना के समय दो मासूम बच्चे बांसमुनि के 6 वर्षीय ज्ञानी व 3 वर्षीय ज्ञान घर में सो रहे थे। घटना के संबंध में गुमला थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही है।