बेरमो के इमरान अंसारी हत्याकांड में 11 को जेल

झारखंड
Spread the love

  • 10 शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापामारी
  • 10 अक्तूबर तक धवैया में धारा 144 लागू रहने से गांव सुनसान

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत महुआटांड़ थाना क्षेत्र के धवैया गांव के इमरान अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को 11 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में तेनुघाट उपकारा भेज दिया। इनमें उमेश ऊर्फ झलका महतो, राजेश महतो, कुलेश्वर चेतु महतो, नीतीश महतो, राहुल कुमार महतो, कमेलश प्रसाद ऊर्फ करण, मोहित महतो, बलकिशोर महतो, अर्जुन महतो, बबलू ऊर्फ बबली महतो व रविन्द्र प्रसाद शामिल है। शेष 10 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। मृतक के पुत्र इंजमामुल हक की शिकायत पर 21 नामजद आरोपी बनाए गए थे।

गांव में लगातार कर रहे कैंप

सांप्रदायिक सौहार्द कायम करने के मद्देनजर बेरमो एसडीएम अनन्त कुमार, एसडीपीओ सतीश चन्द्र झा सहित आसपास के कई थानों की पुलिस गांव में लगातार कैंप किये हुए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों के साथ विशेष निगरानी की जा रही है। गांव में 7 से 10 अक्तूबर तक धारा 144 लागू रहने से गांव सुनसान है।

मृतक के यहां नहीं जला है चूल्हा

मृतक के घर में घटना वाले दिन से ही अबतक चूल्हा तक नहीं जला है। पड़ोसियों के यहां से खाना पहुंच रहा है। परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

कैसे घट गई इतनी बड़ी घटना

बताते चलें कि बीते गुरुवार की देर शाम दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गांव में निकला हुआ था। इसी समय दूसरी ओर कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने इमरान की बुरी तरह से पिटाई कर दी। उसपर दूसरे समुदाय की विवाहित महिला से अवैध संबंध का आरोप था। उसके साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा भी था। सूचना पाकर जुलूस में शामिल पुलिस पहुंची। घायल को रामगढ़ के बाद रिम्स रांची ले जाया गया, परंतु वहां उसे देर रात मृत घोषित कर दिया गया।