आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां फिर आईईडी विस्फोट हुआ है। यह घटना लोहरदगा-लातेहार के गोताग बुलबुल सीमावर्ती क्षेत्र में घटी। इसमें एक नक्सली मारा गया है। इससे पहले आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो चुके हैं।
घटना सोमवार यानी 14 फरवरी के दोपहर 2.30 बजे के आसपास की बताई जाती है। जानकारी के अनुसार भाकपा माओवादी छोटू खेरवार ग्रुप के सदस्य पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी को अन्यत्र शिफ्ट कर रहे थे। इस दौरान इसमें विस्फोट हो गया। विस्फोट में एक नक्सली मारा गया। हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक किसी पक्ष ने नहीं की है।
बताते चलें कि नक्सली से मुठभेड़ के बाद सीआरपीएफ और पुलिस के जवान पेशरार के सुदूरवर्ती घने जंगल व पठारी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च चला रहे थे। इस क्रम में दो बार आईईडी विस्फोट भी हुआ था। इसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों का बढ़ता दबाव देखकर नक्सली पीछे हटने को मजबूर हो गये।
पुलिस को उग्रवादियों के खिलाफ सर्च अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नक्सलियों के कई बंकर को ध्वस्त कर दिया है। एक मैगजीन, उग्रवादी साहित्य, पर्चा, पिट्ठू बैग, चाकू, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, सिम समेत मोबाईल, कपड़ा व अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की गई है।