दुमका। दो चार पहिया वाहन का मालिक के पास लाल राशन कार्ड था। वर्षों से कार्ड पर राशन उठा रहे थे। शिकायत के बाद जांच होने पर पोल खुल गई। इसके बाद राशन कार्डधारक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गये हैं। यह मामला झारखंड की उप राजधानी दुमका का है।
उपायुक्त को राशन कार्ड संबंधी शिकायत मिली थी। शिकायत प्राप्त होने पर डीसक के आदेश पर दुमका सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बेहराबॉक पंचायत के अनुराधा देवी (पति- दीनबंधु मल्लिक, ग्राम+पो- कुरुवा, पंचायत बेहराबॉक, थाना दुमका (मु०) के राशन कार्ड की जांच की।
जांच के दौरान अनुराधा देवी और उनके देवर जगबंधु मल्लिक द्वारा बताया गया कि राशन कार्डधारी अनुराधा देवी के नाम से है। इसमें 6 सदस्य हैं। इन सभी के नाम से अनाज का उठाव प्रति माह किया जा रहा है। इन दोनों द्वारा यह भी बताया गया कि दो वाहन अनुराधा देवी के पति दीनबन्धु मल्लिक के नाम से है। इसमें से एक बोलेरो पिक अप और एक पिक अप गाड़ी है।
जानकारी हो कि झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2017 के अनुसार कार्डधारी को चार पहिया वाहन रखना अपवर्जन माना गया है। स्पष्ट है कि कार्डधारी अनुराधा देवी द्वारा गलत तरीके से लाल कार्ड का उपयोग अबतक किया जा रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उक्त राशन कार्ड को रद्द करने का आदेश दिया गया। साथ ही, वाहन निबंधन की तिथि अर्थात 13 मार्च, 2020 से अबतक उठाये गए राशन की वसूली करने का अनुशंसा भी जिला आपूर्ति पदाधिकारी से की गई है।