रांची। श्री कृष्ण प्रणामी ट्रस्ट ने पितृ पक्ष के श्राद्ध दिवस नवमी के उपलक्ष्य में 200 निर्धन बच्चे एवं ग्रामीण पुरुष-महिलाओं के बीच नये वस्त्रों का वितरण किया। पुंदाग टीओपी के पीछे स्थित संस्था के निर्माणाधीन श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर के प्रांगण में वितरण कार्यक्रम 19 सितंबर को हुआ।
रांची के पुंदाग गांव के आसपास के पतरा टोली, हेहल प्रखंड के पहाड़ टोली, मुंडा टोली, पाहन टोली से ग्रामीण आए थे। बच्चों के बीच टी शर्ट, पैंट-शर्ट, महिलाओं के बीच साड़ी और सलवार-सूट बांटा गया।
बच्चों के बीच कलर पेंसिल एवं कलर कॉपी का वितरण भी किया गया। वहां के सेवाधारी महिला प्यारी उरांव, पुष्पा कुमारी, चन्द्रदीप साहु, सुरज उरांव एवं अर्जुन मुंडा की देखरेख में संस्था के सदस्यों ने इसका वितरण किया।
संस्था के उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल (राजु अग्रवाल) ने कहा कि संत महात्माओं का कहना है कि श्राद्ध दिवस पर सेवा के कार्य से घर पितृ बहुत ही प्रसन्न होते हैं। सेवा कार्य करने से पितरों का बहुत-बहुत आशीर्वाद प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष निर्मल जालान, राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, विष्णु सोनी, मनीष सोनी, ओमप्रकाश सरावगी, रमेन्द्र पाण्डेय, धीरज गुप्ता, आलोक सिंह, धर्मजीत सिंह सहित महिला समिति की विद्या देवी अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, रेखा पोद्दार, संतोष देवी अग्रवाल, चंदा देवी अग्रवाल भी मौजूद थे।