रांची जिला युवा उत्सव 24 सितंबर को RU के आईएलएस में, होंगे ये कार्यक्रम

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची विश्‍वविद्यालय के आईएलएस में रांची जिला का युवा उत्सव 24 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र संगठन, रांची और रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम होगा।

युवा उत्सव की तैयारी को लेकर 19 सितंबर को एनवाईकेएस कार्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एनवाईकेएस झारखंड की निदेशक श्रीमती हनी सिन्हा ने की।

इसमें कविता लेखन, भाषण, पेंटिंग/स्कल्पचर, फोटोग्राफी, लोकनृत्य, युवा संवाद सहित अन्‍य कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं होंगे। सभी प्रतियोगिताओं के लिए तीन-तीन सदस्यीय निर्णायक मंडली का चयन कि‍या गया।

जिला युवा उत्सव में रांची विश्वविद्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, डीएसपीएमयू, सरला बिड़ला विश्वविद्यालय, वाईबीएन विश्वविद्यालय, ऊषा मार्टिन विश्वविद्यालय एवं रामकृष्ण मिशन कृषि विश्वविद्यालय के लगभग 400 प्रतिभागी शामिल होंगे।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष जिला युवा उत्सव, राज्य स्तरीय युवा उत्सव, राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसकी जिम्मेदारी एनवाईकेएस और एनएसएस को दी जाती है। जिला युवा उत्सव युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ प्रतिभा प्रदर्शन का एक सशक्त प्लेटफार्म है।

बैठक में राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार, एनवाईकेएस के उपनिदेशक सर्वेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ कमल कुमार बोस, डॉ एमलीन केरकेट्टा, डॉ कंचन मुंडा, डॉ संजीव सिन्हा, डॉ कौशल किशोर, डॉ सुब्रतो सिन्हा, गौरव अग्रवाल, दिवाकर आनंद आदि मौजूद थे।