यहां 2 मासूम बच्चियों को पोखर में फेंक कर सनकी पिता ने खुद भी लगाई छलांग, बच्चियों की मौत

बिहार देश
Spread the love

सीवान। हैरान कर देने वाली खबर बिहार के सीवान जिले के हसनपुरा से आयी है। एमएच नगर थाना के अरंडा स्थित प्रखंड कार्यालय के पीछे धुबई पोखर में एक सनकी पिता ने अपने दो सगी बेटियों को फेंक कर खुद खुदकुशी करने का प्रयास किया।

स्थानीय ग्रामीणों ने सनकी पिता को तो बचा लिया, लेकिन दोनों बच्चियों को नहीं बचा सके। पीड़ित पिता अरंडा निवासी चंद्रिका साह का 45 वर्षीय पुत्र विनोद साह है।

बताया जा रहा है कि विनोद को करीब एक साल पहले लकवा मार दिया था। सूत्रों के अनुसार लकवा मारने के बाद आर्थिक तंगी और घर की माली हालत देखकर वह अवसाद में चल रहा था। इसी कारण से उसने यह दर्दनाक कदम उठा लिया।

शाम करीब छह बजे शौच करने गये लोगों ने इस हृदय विदारक घटना को देखा। उसके बाद ग्रामीण बच्चियों को पोखर में खोजने लगे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने चार वर्षीय सलोनी कुमारी व दो वर्षीय बुलबुल कुमारी का शव पोखर से बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि विनोद ही घर का कमाऊ व्यक्ति था। लकवा के बाद घर पर बैठ गया था, जिससे घर की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अवसाद में था। जिसको लेकर उसने ऐसा कठोर कदम उठा लिया।

विनोद साह की तीन पुत्री है। बड़ी बेटी सोनी कुमारी 7 वर्ष के अलावा यह दो मृत बच्चियां थीं। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना प्राप्त होने के बाद स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच कर रही है।