मुंबई। बड़ी खबर मुंबई से आ रही है। बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की तबीयत बिगड़ गयी है। सांस लेने में तकलीफ़ होने के बाद उन्हें सोमवार की रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में अभिनेत्री के कई टेस्ट भी किए गए, जिसमें आधा दिन के करीब गुजर गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, अब तक अभिनेत्री या उनकी टीम की ओर से इस पर कोई कंफर्मेशन नहीं दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, एक्ट्रेस ने बेचैनी की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, दीपिका अब बेहतर महसूस कर रही हैं।
यहां बता दें कि इससे कुछ महीने पहले भी दीपिका पादुकोण को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कथित तौर पर दीपिका को हार्ट रेट बढ़ने के बाद बैचेनी की समस्या के चलते अस्पताल ले जाया गया था।
वह इस दौरान साउथ सुपरस्टार प्रभास के साथ प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही थीं। अभिनेत्री को आधे दिन के लिए कामिनेनी अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती कराया गया था।
हालांकि, दीपिका इलाज के तुरंत बाद अमिताभ बच्चन के साथ शूटिंग के लिए सेट पर लौट आईं। फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ प्रभास के साथ दीपिका की पहली फिल्म है। इसमें अमिताभ बच्चन भी अहम रोल में हैं। इस साल की शुरुआत में, गुरु पूर्णिमा के दिन, अमिताभ बच्चन ने प्रभास-स्टारर फिल्म के लिए शुरुआती शॉट दिए थे।