
प्रशांत अंबष्ठ
गोमिया (बोकारो)। स्कूल में दो साल से ताला लगा है। इसके कारण बिरहोर के बच्चे पेड़ के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। यह मामला झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तुलबुल पंचायत का है। इसकी जानकारी उप विकास आयुक्त को दी गई है।
बता दें कि बिरहोर के बच्चों के लिए तुलबुल में नव प्राथमिक विद्यालय खोला गया था। हालांकि स्कूल के सचिव रमेश चंद्र बेसरा के देहांत के बाद उसमें बिरहोर सावित्री देवी ने ताला जड़ दिया। पूछे जाने पर सावित्री देवी ने कहा कि उन्हें यह कहा गया था कि यह स्कूल प्राइवेट है। आगे चलकर बंद हो जाएगा। आपकी जमीन और भवन आपको मिल जाएगा।
सावित्री ने कहा कि मैंने किसी तरह का दान पत्र लिखकर नहीं दिया। यह जमीन मेरी है। इस जमीन को अब मैं नहीं छोडूंगी। यह पूछे जाने पर कि बच्चे कहां पढ़ेंगे तो उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेवारी है।
इस संबंध में स्कूल के शिक्षक दिनेश्वर प्रजापति ने कहा कि 3 मार्च, 2020 से पहले स्कूल खुला थी। मेरे आने के बाद इस स्कूल की ही पूर्व उपाध्यक्ष रह चुकी सावित्री देवी ने यह कहकर कि जमीन उसकी है, ताला जड़ दिया गया। इसलिए पेड़ के नीचे बच्चों को पढ़ाने पर मजबूर हूं।
शिक्षक ने बताया कि पत्राचार कर कई बार वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। अब उप विकास आयुक्त, बोकारो को इसकी जानकारी लिखित रूप से दी है। उन्होंने एक हफ्ते में कार्रवाई करने की बात कही है।