कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को ड्रेस का पैसा देने में फंसा पेंच

झारखंड शिक्षा
Spread the love

  • रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी ने लिखा पत्र

रांची। झारखंड के सरकारी स्‍कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के बच्‍चों को ड्रेस दिया जाना है। वर्ग 1 और 2 के लिए पैसे उपलब्‍ध करा दिए गये हैं। हालांकि कक्षा 3 से 8 के विद्यार्थियों को ड्रेस के पैसे देने में पेंच फंस गया है। इस संबंध में रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक रांची 1 एवं 2 को पत्र लिखा है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र में लिखा है कि 22 जुलाई, 2022 को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव के निर्देश के आलोक में वर्ग 1 और 2 के बच्चों को पोशाक देने के लिए राशि संबंधित विद्यालय के विद्यालय प्रबंधन समिति को उपलब्ध करा दी गई है।

प्रखंड द्वारा जिला को उपलब्ध कराए गए खाता संख्या के आलोक में कक्षा 3 से 8 के बच्चों के लिए राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराया जाना है। अभी भी सभी प्रखंडों से कक्षा 3 से 8 में अध्ययनरत बच्चों का खाता संख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने लिखा है कि CRP एवं BRP अपने क्षेत्र के अधीन विद्यालय से संपर्क स्थापित करते हुए सभी बच्चों का खाता शत प्रतिशत खुलवाते हुए बच्चों का खाता विवरणी प्रखंड कार्यालय में उपलब्ध करायेंगे।

सभी प्रखंड के BPO अपने प्रखंड के बच्चों का खाता संख्या अपने प्रखंड के लेखापाल को उपलब्ध कराना चाहेंगे, ताकि सभी बच्चों को नए रंग के पोशाक के लिए राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा सके।