रक्षाबंधन पर बहन के पास गया था रिटायर फौजी, चोर घर से ले उड़े नकद-गहना सहित 20 लाख का सामान

झारखंड अपराध
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। रिटायर फौजी रक्षाबंधन पर बहन के घर गया था। इस दौरान चोर उनके घर से नकद और गहना सहित 20 लाख रुपये का समान ले उड़े। यह घटना झारखंड के लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पास में लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाल रही है।

रिटायर फौजी महेंद्र चौधरी का घर थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर रिहायशी इलाके में है। वह परिवार के साथ रक्षाबंधन में रांची अपनी बहन के पास 11 अगस्त को गये। बेटी के घर तीन दिन रह कर 17 अगस्त की रात वापस लौटे। मेन दरवाजे का ताला खोल कर अंदर पहुंचे। जब ग्रील का ताला खोलना चाहा, तब पाया कि वह टूटा है। अंदर जाकर देखने पर पाया कि आलमीरा और पलंग के ड्रावर आदि टूटे हुए हैं। गहने और नकदी गायब हैं।

जानकारी के मुताबिक घर से 15 लाख के गहने और 3 लाख रुपये नकद सहित अन्‍य कीमती समान की चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सदर थाना पुलिस पहुंची। जांच पड़ताल की। छानबीन करते हुए चोरों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

बताया जाता है कि चोर सामने गेट की चहारदिवारी को फांद कर बिल्डिंग में लगे चैनल गेट का ताला तोड़कर हॉल में गये। रूम के दरवाजे का लॉक तोड़कर बारी-बारी से खंगाला।

थाना प्रभारी अनिल उरांव ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। अगल बगल में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरी कितनी की हुई है, ज्वेलरी के बिल के हिसाब से मूल्यांकन किया जाएगा।

सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जो भी व्यक्ति दो दिन और सप्ताह भर के लिए अपने घरों को छोड़कर बाहर जाते हैं, वे पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना देकर जाएं। पुलिस उनके घरों की रक्षा करने का कार्य करेगी।