कांके (रांची)। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) के खिलाफ आमया के सदस्य सड़क पर उतरे। झारखंड सरकार को अस्थिर करने और राज्य के मुसलमानों को गौ तस्कर कहे जाने के खिलाफ मंगलवार को कांके चौक में उनका पुतला फूंका। पुतला दहन से पूर्व जमकर उनके खिलाफ नारेबाजी की।
आमया संगठन के अध्यक्ष एस अली ने कहा कि विधायक कुमार जयमंगल ने सोची समझी साजिश के तहत झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रहे महागठबंधन सरकार को अस्थिर व गिराने का प्रयास किया है। विधायक डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगाडी पर झूठी प्रथामिकी दर्ज कराकर फंसाने और उन्हें बदनाम करने का काम किया है।
अली ने कहा कि झारखंड के 50 लाख मुस्लिमों को गौ तस्कर कहकर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास किया है। यह गंभीर अपराध है। पुतला दहन के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष से विधायक कुमार जयमंगल की सदस्यता रद्द करने और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष से इन्हें पार्टी से निलंबित करते हुए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर संगठन के उपाध्यक्ष मो फुरकान, जियाउद्दीन अंसारी, लतीफ आलम, सचिव नौशाद आलम, एकराम हुसैन, अरशद जिया, अब्दुल गफ्फार, मो सईद, अफताब आलम, जावेद अंसारी, सालेह सईद, मोदस्सीर अहरार, मोईज अहमद, एकराम अंसारी, शम्मी अहमद, गुफरान अंसारी आदि शामिल थे।