विश्व आदिवासी दिवस पर रांची के मोरहाबादी में कल से झारखंड जनजातीय महोत्सव

झारखंड
Spread the love

  • मुख्यमंत्री ने महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश।

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज शाम मोरहाबादी मैदान पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 एवं 10 अगस्त 2022 को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले ‘झारखंड जनजातीय महोत्सव’ की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मुख्य मंच की सजावट, विभिन्न स्टालों की जानकारी, अन्य साज-सज्जा, आगंतुकों के आने-जाने एवं बैठने की व्यवस्था, फूड सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक पहलुओं पर बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कई महत्‍वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

आमजनों का भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव में झारखंड सहित अन्य राज्यों से पहुंचे अतिथि, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का स्वागत एवं सुरक्षा में किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जाए, यह सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियां लगाएं। आमजनों का भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम स्थल में लगे एलईडी स्क्रीन एवं साउंड गुणवत्तापूर्ण रहे यह सुनिश्चित करें।

इंट्री और एग्जिट प्‍वाइंट व्यवस्था दुरुस्त रखें

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पुख्ता रखें। अतिथियों के इंट्री और एग्जिट प्‍वाइंट की व्यवस्था दुरुस्त रखें। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल तक आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किया गया मार्ग तथा पार्किंग स्थलों की व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि बारिश की संभावना को देखते हुए पूरा पंडाल वाटरप्रूफ रहे यह सुनिश्चित करें, ताकि बारिश होने पर भी किसी को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।

निरीक्षण के क्रम में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव केके सोन, आदिवासी कल्याण आयुक्त मुकेश कुमार, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, नगर आयुक्त शशि रंजन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बक्शी सहित संबंधित विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

झारखंड के व्यजंनों का लोग ले सकेंगे लुत्फ

झारखंड जनजातीय महोत्सव के फूड पवेलियन में झारखंड के व्यजंनों का लोग लुत्फ ले सकेंगे। महोत्सव में फूड कोर्ट का भी निर्माण कराया जा रहा है, जहां लोग झारखंडी व्यंजनों का आंनद ले सकेंगे।

झारखंड की कला-संस्कृति से होंगे रु-ब-रु

कार्यक्रम में बनने वाले प्रदर्शनी गैलेरी में लोग झारखंड की कला-संस्कृति से रु-ब-रु हो सकेंगे। यहां बनने वाले स्टॉल में झारखंड एवं यहां की जनजातियो से जुड़ी सभी जानकारी प्रदर्शित की जाएंगी।

सेमिनार एवं पैनल डिस्कशन का भी होगा

दो दिनों तक होने वाले झारखंड जनजातीय महोत्सव में सेमिनार एवं पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया जायेगा। सेमिनार एवं पैनल डिस्कशन 9 एवं 10 अगस्त को जनजातीय शोध संस्थान, एवं हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित होगा। इस सेमिनार एवं पैनल डिस्कशन में ख्यातिप्राप्त वक्ता भाग लेंगे।