झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने कानून व्यवस्था पर जतायी चिंता, अंकिता के परिजनों को देंगे 2 लाख की मदद

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की उपराजधानी दुमका की बिटिया अंकिता सिंह की मौत पर राज्यपाल रमेश बैस ने गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों से बात कर उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

साथ ही राज्य में बिगड़ती कानून- व्यवस्था पर गंभीर चिंता प्रकट करते हुए नाराजगी भी जतायी। राज्यपाल ने इस घटना की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की बात कहते हुए पीड़ित के परिवार को तत्काल दो लाख की राशि अपने विवेकाधीन अनुदान मद से देने की घोषणा की।

यहां बता दें कि इस मामले में पीड़ित के परिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। घोषणा के कुछ देर बाद ही दुमका डीसी ने पीड़िता के परिजन को चेक सौंपा है।

इधर घटना को राज्यपाल रमेश बैस ने इसे राज्य के लिए शर्मनाक बताया। कहा कि ऐसी घटनाओं से राज्य की छवि धूमिल होती है। कहा कि पूर्व में भी राज्य की विधि-व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए डीजीपी को इससे अवगत कराया था। इसके बावजूद राज्य में सकारात्मक परिणाम नहीं दिख रहा है। यह चिंता का विषय है।