लातेहार में भीषण हादसाः टांगीनाथ धाम जा रही गाड़ी पेड़ से टकरायी, पति-पत्नी समेत 3 की मौत

झारखंड
Spread the love

रांची। दुखद खबर झारखंड के लातेहार जिले से आयी है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बांसकरचा ग्राम के पास सोमवार की सुबह बोलेरो जेएच- 01इटी-0827 दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

इस दुर्घटना में लातेहार प्रखंड के बेंदी ग्राम निवासी 35 वर्षीय दशरथ सिंह और उनकी पत्नी की मौत हो गयी, जबकि लातेहार सदर अस्पताल लाने के क्रम में घायल बरवाडीह के केड़ निवासी 30 वर्षीया पुष्पा देवी की मौत रास्ते में हो गयी।

इस हादसे में 9 लोग घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। तीन की हालत नाजुक है। बताया जा रहा है कि ये गुमला के टांगीनाथ धाम में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान इनकी गाड़ी असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गयी।

सड़क दुर्घटना में लातेहार की रेशमी कुमारी, चंद्रपुरा के इंद्रजीत महतो, गारू के कोटाम गांव के योगेंद्र सिंह, अनिता देवी, पिंकी कुमारी व रूस्तम तथा बेंदी ग्राम की सरिता देवी, ललिता देवी व रामेश्वर सिंह घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलने पर महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महुआडांड़ लाया गया।

यहां डॉ अमीत कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। मृतक दशरथ सिंह की बेटी रेशमी कुमारी, इंद्रजीत सिंह व योगेंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर किया गया है।