- सीएम ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, अन्य असाध्य रोग भी होंगे सूचीबद्ध
रांची। झारखंड के लोगों के लिए अच्छी खबर। अब असाध्य रोग से पीड़ित लोगों को 10 लाख की सहायता राशि मिलेगी। इससे संबंधिम प्रस्ताव की मंजूरी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दे दी है। अन्य असाध्य रोग को भी सूचीबद्ध किया जाएगा।
सहायता राशि बढ़ाने की मंजूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत प्रभावित सुपात्र व्यक्तियों की चिकित्सा के लिए विभागीय स्तर से चिकित्सा सहायता अनुदान की राशि 5 लाख को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मंजूरी दे दी है। सीएम ने पूर्व से स्वीकृत असाध्य रोगों की सूची में अन्य असाध्य रोगों को सूचीबद्ध करने से सम्बन्धित प्रस्ताव पर स्वीकृति दी है।
जरूरतमंदों को मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने असाध्य रोग के इलाज के लिए पूर्व में दी जा रही 5 लाख रुपये की राशि को पर्याप्त नहीं मानते हुए राशि में बढ़ोतरी करने का निर्देश दिया था। इसके उपरांत राशि को बढ़ा कर 10 लाख रूपये किया गया। अब सभी जरुरतमंदों को असाध्य रोग के इलाज में काफी मदद मिलेगी।