बिहार: राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी चुने गए विधानसभा के स्पीकर

बिहार देश
Spread the love

पटना। राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए हैं। विजय कुमार सिन्हा के इस्तीफे के बाद बिहार विधानसभा को नया स्पीकर मिल गया है।

चौधरी के निर्वाचन की अधिकारिक घोषणा विधानसभा में की गई। शुक्रवार को जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तब सबसे पहले विधानसभा सचिव ने सदन में स्पीकर के चुनाव को लेकर पूरी प्रक्रिया को पढ़ा और उनके निर्वाचित होने की घोषणा की।

राष्ट्रीय जनता दल के सीनियर नेता अवध बिहारी चौधरी विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। दरअसल गुरुवार को केवल अवध बिहारी चौधरी ने ही नामांकन किया था, जिसके बाद उनका निर्विरोध चुनाव हुआ है।

सदन का संचालन कर रहे डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा से आग्रह किया कि वह स्पीकर को आसन तक ले जाएं। तब सीएम नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार चौधरी स्पीकर अवध बिहारी चौधरी को आसन तक ले गए।

इससे पहले आरजेडी ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया था, जिसके बाद विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी थी। बुधवार को बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

इस्तीफा देने से पहले उन्होंने अपने भाषण में नीतीश कुमार के पाला बदल कर आरजेडी के साथ सरकार बनाने के लिए उनपर खूब तंज किया था।