नगर पंचायत क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में वृ‍द्धि के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग

झारखंड
Spread the love

  • छत्तरपुर विकास मंच के बैनर तले पैदल मार्च और नुक्कड़ सभा का आयोजन

अरविंद अग्रवाल

छत्तरपुर (पलामू)। नगर पंचायत क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई अप्रत्याशित वृद्धि के खिलाफ लोग सड़क पर उतर गये। छत्तरपुर विकास मंच के बैनर तले 12 जुलाई को पैदल मार्च और नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।

कार्यपालक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

इस दौरान छतरपुर विकास मंच के बैनर तले स्थानीय लोगों ने टैक्स बढ़ोतरी और नगर पंचायत की मनमानी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पैदल मार्च का नेतृत्व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी और छतरपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन ने किया। इसमें नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा भी शामिल हुए। पैदल मार्च शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए नगर पंचायत में जाकर नुककड़ सभा में तब्दील हो गया। वहां कार्यपालक अधिकारी को प्रतिनिधिमंडल द्वारा नुक्कड़ सभा में 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।

सुविधा देने में फेल, टैक्स का बढ़ा बोझ

पैदल मार्च में शामिल लोगों ने कहा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होती है। इसके कारण बरसात के दिनों में नालियों का गंदे पानी सड़कों पर बहता है। कई बार पानी घरों में भी घुस जाता है। नालियों से दुर्गंध इतनी आती है कि जीना दूभर हो गया है। चार साल बीतने के बाद भी वार्डो में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गई। शहर में कचरा उठाव प्रबंधन भी सही ढंग से लागू नहीं है। इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन द्वारा होल्डिंग टैक्स में कई गुणा वृद्धि कर जनता का शोषण करने का प्रयास किया जा रहा है।

आमरण अनशन की चेतावनी दी

छतरपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन ने कहा कि यदि छत्तरपुर नगर पंचायत प्रशासन ने 15 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो वे 15 दिनों के अंदर आमरण अनशन करने को बाध्य हो जाएंगे नगर पंचायत के लोग काफी परेशान हैं। नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा बुल बाबा ने कहा कि नगर पंचायत के चुने हुए प्रतिनिधि एवं प्रशासन द्वारा किया जा रहा भ्रष्टाचार बेलगाम है। जब नगर पंचायत में मेरी बातों को दरकिनार किया जाने लगा, तब मैंने आंदोलन का रास्ता अपनाया।

पीएम आवास योजना में वसूली हो रही

अन्य वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत में पीएम आवास योजना में अवैध वसूली लगातार जारी है। बरसात में नगर पंचायत का नली गली कूड़ा करकट से बजबजा रहा है। बावजूद नगर पंचायत लापरवाह है। जितेंद्र कुमार राम ने कार्यापालक अधिकारी को बताया कि मदनपुर हरिजन टोला में 4 सालों से सड़क और नाली बनाने की आश्‍वासन मिल रहा है। उपस्थित लोगों ने बताया कि खराब सड़क के कारण लोगों का जीना मुहाल है। कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि वे समस्याओं के निदान के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।

मार्च में ये लोग भी थे शामिल

पैदल मार्च में अनिल सिंह, प्रमोद सिंह, सुनील कुमार, आसिफ इकबाल, लड्डू अंसारी, अरुण सोनी, अमित कुमार, अंकित कुमार, रिशु, सोनू, चंदन अरविंद मिस्त्री, पवन,  जितेंद्र, अमित ठाकुर, छोटू, सुनील गुप्ता, पवन, सुरेंद्र, अरुण सोनी, नगर उपाध्यक्ष सुभाष कुमार मिश्रा नारद, बीरबल कुमार, संतोष सिंह, मनोहर यादव, सोनू गुप्ता, टोन वर्मा, गुंजन, जयकुश प्रजापति, हेमन्त प्रजापति, रंधीर प्रजापति, रवि कुमार, धीरज कुमार, रंजित कुमार, यमुना यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।