बसार टोली के लोगों का जलजमाव से जीना मुहाल, घरों में घुस रहा गंदा पानी

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 बसार टोली के लोगों को इस समय सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क में बारिश का पानी जम गया है। यह लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। इससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

स्‍थानीय निवासी माला देवी, रानी कुमारी, डोली देवी, अनिता देवी, बिंदु देवी, तारा मनीया देवी, सरिता देवी, मुनी देवी ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को हो रही है। जब वे यूनिफॉर्म में स्‍कूल पैदल जाते हैं, तब जूता मोजा भींगने की चिंता सताने लगती है। कई बार सड़क पार करते समय वाहनों के गंदा पानी का छींटा भी पड़ जाता है।

मुहल्लेवासी अजय प्रसाद, राजू कुमार, राम प्रसाद, बबलू राम ने बताया कि बरसात के मौसम में वर्षों से इस जगह पर पानी जम जाता है। अधिक बारिश होने पर पानी घर में घुस जाता है। इसकी शिकायत कई बार नगरपालिका एवं वार्ड पार्षद से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल वैसी बरसात नहीं हो रही है। इसके बाद भी थोड़ी ही बारिश में ही रहना और सड़क पर चलना मुहाल हो गया है।

नंदलाल साहू, प्रदीप साहू, गोलू कुमार, संदीप साहू, रामनंद उरांव ने कहा कि नाली निर्माण नहीं होने के कारण सड़क में जलजमाव होता है। नाली के बन जाने पर समस्या का निराकरण हो जाएगा। मुहल्लेवासियों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा नाली बनाने की अनुमति कई बार दी जा रही है। हालांकि वार्ड पार्षद इसे दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर देते हैं। लोग अपने-अपने दरवाजे के सामने ईंट जोड़ाई कर पानी रोकने का काम कर रखे हैं।

वार्ड कमिश्नर जॉर्ज केरकट्टा ने बताया कि दो माह पूर्व जूनियर इंजीनियर सुशील कुमार एवं  सिटी मैनेजर विजय कुमार को बुलाकर वस्तुस्थिति से अवगत करा चुका हूं। विभागीय लापरवाही के कारण अब तक काम नहीं हो सका है। योजना को शिफ्ट करने की बात को वह गलत बताते हैं।