मधेपुरा। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों ने मखाना उत्पादन की तकनीक से अवगत कराया। इसके लिए बिहार के मधेपुरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में मखाना उत्पादन तकनीक विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों के 25 किसानों ने भाग लिया। मखाना विकास योजना अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया।
शस्य वैज्ञानिक सह समन्वयक डॉ मिथिलेश कुमार राय ने मखाना पौधशाला से मुख्य खेत में मखाना पौधों की रोपाई एक अन्य शस्य क्रियाए से संबंधित वैज्ञानिक विधि के बारे में बताया। डॉ शशि प्रकाश विश्वकर्मा ने मखाना में उर्वरक प्रबंधन, डॉ सुनील कुमार ने मखाना सह मछली पालन और राहुल कुमार वर्मा ने मखाना मूल्य संवर्धन विषय पर प्रकाश डाला। भागलपुर के सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मखाना उत्पादन तकनीक पर बड़ी फिल्म के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया गया।
मखाना उत्पादन प्रणाली से आर्द्र भूमि का विकास के तहत भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय, पूर्णिया द्वारा प्रदत्त सबौर मखाना-1 का प्रत्यक्षण मधेपुरा के 50 हेक्टेयर में 50 किसानों के यहां फसल वर्ष 2022 में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा कराया गया। यह बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय एवं बिहार बागवानी विकास सोसाइटी द्वारा वित्त पोषित नई मखाना विकास योजना अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती नेहा कुमारी, रूबी कुमारी, किशन कुमार, विकास कुमार उपस्थित थे।