निर्देश के बाद भी प्रखंड दिवस पर कार्यालय से नदारद पाये गये कई कर्मी

झारखंड
Spread the love

  • 20 सूत्री अध्‍यक्ष और प्रखंड प्रमुख ने किया कार्यालय का निरीक्षण

विवेक चौबे

गढ़वा। प्रखंड दिवस पर कार्यालय में कई कर्मी नदारद पाये गये। पहले ही सभी को इस दिवस पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया था। यह स्थिति झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड की है। इसका खुलासा प्रखंड प्रमुख सतेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय और 20 सूत्री अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय के निरीक्षण में हुआ। दोनों ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक के कई कर्मियों को नदारद पाया। इसकी शिकायत उपायुक्‍त से करने की बात कही।

प्रमुख ने बताया कि पब्लिक की शिकायत पर निरीक्षण किया गया। कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण ना लोगों का संपर्क हो रहा है, ना ही उनका कोई कार्य हो रहा है। प्रखंड कार्यालय में मंगलवार और शुक्रवार को सभी कर्मियों  की उपस्थिति अनिवार्य है। यहां के सिस्टम पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी का भी कोई ध्यान नहीं है।

प्रमुख ने बताया की 15वें वित्त के जेई अभिषेक कुमार सिंह व राजू प्रजापति तीन माह से प्रखंड कार्यालय नहीं आ रहे हैं। रोजगार सेवक अनुज कुमार रवि व विनय कुमार तीन दिन से, पंचायत सेवक राजेन्द्र राम, परमानन्द राम व संजीव कुमार ठाकुर दो दिन से अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त से इसकी शिकायत करूंगा।

प्रखंड प्रमुख ने कहा कि हेमंत सरकार का निर्देश है कि वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन व राशन कार्ड हर समय बनना चाहिए। हालांकि कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी व उनके स्टाफ बिल्कुल सरकार के विरोध में ही काम कर रहे हैं।

प्रखंड 20सूत्री अध्यक्ष  चंद्रशेखर उपाध्याय उर्फ विकास उपाध्याय ने कहा कुछ दिन पहले ही बीस सूत्री की बैठक की गई थी। इसमें प्रखंड के सभी प्रतिनिधि व सभी स्टाफ शामिल थे। उक्त बैठक में निर्णय लिया गया था कि मंगलवार और शुक्रवार को प्रखंड दिवस मनाया जाता है। उस दिन सभी कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है, जबकि यहां अधिकतर कर्मी नदारद रहते हैं। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना ठाकुर, सचिव अंजनी सिंह सहित कई अन्य उपस्थित थे।