रांची। झारखंड के सुदूर इलाकों स्थित कई सरकारी स्कूलों में सप्ताहिक अवकाश का दिन बदले जाने की खबर आई है। इसे शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। अब राजधानी रांची के स्कूलों में भी साप्ताहिक छुट्टी का दिन बदले जाने का मामला प्रकाश में आया है। यहां भी रविवार की जगह शुक्रवार को छुट्टी दी जा रही है। इसका खुलासा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी की रिपोर्ट में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने 11 जुलाई, 2022 को राज्य के उर्दू विद्यालयों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। इसके आलोक में रांची के जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी से प्रतिवेदन की मांग की थी।

कांके के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने 14 जुलाई, 2022 को प्रतिवेदन उपलब्ध कराया। प्रतिवेदन में बताया गया है कि राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चंदवे में विगत कई वर्षों से शुक्रवार का अवकाश दिया जाता है। उक्त स्कूल में उर्दू विद्यालय के रूप में शुक्रवार अवकाश घोषित नहीं है। फलस्वरूप इस विद्यालय में शुक्रवार को अवकाश देय नहीं है।
प्रतिवेदन को जिला शिक्षा अधीक्षक ने गंभीरता से लिया। उन्होंने 16 जुलाई को निर्देश दिया कि राजकीयकृत मध्य विद्यालय, चंदवे में शुक्रवार के स्थान पर रविवार को सप्ताहिक अवकाश देय होगा। इसका अनुपालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, रांची को सुनिश्चित करने का आदेश दिया।