झारखंड के लोहरदगा में अशांति फैलाने का प्रयास, पुलिस ने मोर्चा संभाला

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में एक बार फिर अशांति फैलाने का प्रयास किया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीणों में रोष व्‍याप्‍त है। स्थिति नियंत्रण में है।

जानकारी के मुताबिक इलाके के सदर थाना क्षेत्र रामपुर गांव स्थित शिव मंदिर में असामाजिक तत्वों ने प्रतिबंधित मांस फेंक दिया। इसके बाद संबंधित पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने जिला पुलिस बल को तैनात करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया है। पुलिस किसी भी आने जाने वाले लोग व ग्रामीणों को मामले से दूर रखी है।

माहौल अब पूरी तरह शांतिपूर्ण है। मंदिर और क्षेत्र के अगल-बगल पुलिस किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए नजर बनाए हुई है। मंदिर से टुकड़े को निकाल कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

गांव के पंचायत जन प्रतिनिधि शम्भू सिंह ने बताया कि गांव में असमाजिक तत्वों द्वारा आये दिन किसी न किसी प्रकार आपसी प्रेम और सौहार्द को खराब करने का प्रयास किया जाता रहा है। इसे लेकर पुलिस कप्तान से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। मंदिर की साफ सफाई करा शुद्धिकरण कराया गया है।

सूचना मिलने के बाद काफी संख्‍या में मुस्लिम समुदाय के लोग वहां पहुंचे। उन्‍होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। घटना को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताया।

मामले पर पुलिस अधीक्षक आर राम कुमार ने कहा अनुसंधान जारी है। चारों ओर फोर्स की तैनाती की गई है। जल्द ही असामाजिक तत्व को पकड़कर कानूनी कार्रवाई करते हुए दंडित किया जाएगा। अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।