डीएपी के नाम से बेचा जा रहा 132 बोरा उर्वरक रांची के लापुंग से जब्‍त

कृषि झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • बिना लाईसेंस के उत्तर प्रदेश के लोग बेच रहे थे, किये गये पुलिस के हवाले

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के लापुंग प्रखंड के बिरसा चौक के पास अवैध तरीके से भंडारित 132 बैग उर्वरक जब्‍त किया गया। उनके साथ अवनी सिंघ एवं जय सिंघ यादव को भी पकड़ा गया। वे उत्तर प्रदेश के अमेठी के अंबेडकरनगर के हैं। विभाग को ऐसी सूचना मिली थी कि बाहर से कुछ व्यक्ति किसानों को सीधे उर्वरक डीएपी कह कर बेच रहे है, जबकि वह डीएपी खाद नहीं है।

प्राप्त सूचना के आधार पर जिला स्तर से रांची के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक कृषि पदाधिकारी रांची, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लापुंग, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक लापुंग को छापामारी के लिए भेजा गया। लापुंग थाना को भी इसकी सूचना दी गयी।

जांच के क्रम में राजकिशोर उरांव के मकान में 132 बोरा उर्वरक पाया गया, जो कुमार एग्रो फर्जिलाइजर, रायपुर, फुलवारी, अमेठी, यूपी द्वारा निर्मित पाया गया। इसे झारखंड में व्यवसाय के लिए लाईसेंस प्राप्त नहीं है। साथ ही बोरे पर PROM लिखा हुआ पाया गया। इसी को काफी अधिक कीमत पर डीएपी कहकर बेचा जा रहा था, जोकि किसानों के साथ धोखाधड़ी का मामला भी बनता है।

इस प्रकार अवैध तरीके, बिना लाईसेंस और किसानों के साथ धोखाधड़ी के मामले में 132 बोरा उर्वरक जब्त करते हुए अमेठी, उत्तरप्रदेश के अवनी सिंघ एवं जय सिंघ यादव, अंबेडकरनगर के विरुद्ध FCO 1985 के सुसंगत प्रावधान एवं नियम के तहत लापुंग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उक्त दोनों व्यक्तियों को थाने के सुपुर्द किया गया।

अवैध तरीके से घटिया उर्वरक एवं बीज का व्यवसाय करने वाले के विरुद्ध यह अभियान जारी रहेगा। दोषी संस्थान/व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रखंड को भी अलर्ट कर दिया गया है। सघन जांच के निर्देश सभी को दिये गये हैं।