जब रैंप वाक पर उतरीं गाजियाबाद की ADM ऋतु सुहास, देखते रह गए लोग

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए गाजियाबाद जिले की अपर जिलाधिकारी (ADM) प्रशासन ऋतु सुहास का रैंप वाक करते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने खादी और आर्गेनिक फैबरिक से बने परिधानों को बढ़ावा देने के लिए नोएडा की फिल्म सिटी में आयोजित दिल्ली रनवे वीक सीजन-पांच में हिस्सा लिया था।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि खादी के परिधान भारत की पहचान हैं, लोग खादी और आर्गेनिक फैबरिक से बने परिधान पहनें, इसके लिए उनको जागरूक करने की आवश्यकता है। फैशन डिजाइनर रिंकल लूथरा ने इन परिधानों को तैयार कराया है, जिसकी लांचिंग के लिए हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया है। ऋतु सुहास पीसीएस अधिकारी हैं और गाजियाबाद की एडीएम हैं, जो नोएडा जिलाधिकारी सुहास एलवाई की पत्नी हैं। उन्होंने 2019 में मिसेज इंडिया का खिताब भी जीता था। वो कई बार फैशन शो में हिस्सा ले चुकी हैं।

ऋतु ने साल 2003 में पीसीएस एग्जाम पास किया था। रैंप वाक के जरिये महिला बुनकर और महिला डिजाइनर को भी ऐसे परिधान ज्यादा से ज्यादा तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया है। ऋतु सुहास इस कार्यक्रम में शो स्टापर रहीं, 2019 में उनको मिसेज इंडिया का ताज भी प्राप्त हुआ है। आगरा के ताज महोत्सव में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा खादी और खादी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खादी परिधान प्रदर्शनी आयोजित की गई थी।

शो के माध्यम से बताया गया कि खादी पहनने में सुविधाजनक है। खादी को पहनना शुरू कर हम अपने देश के बुनकरों को प्रोत्साहित कर सकते हैं।