रांची। NGT का आदेश लागू होने के पहले ही दिन राजधानी रांची से सटे इलाके में बालू की अवैध ढुलाई करते दर्जनों ट्रैक्टर जब्त किये गये। कुछ चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी हो कि NGT ने 10 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया दिया है। इस संबंध में झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड ने आम सूचना जारी की थी। इसमें कहा गया है कि मॉनसून सत्र में नदी तक से बालू उत्खनन बंद रहेगा। जिन किसी व्यक्ति/एजेंसी को निर्माण कार्य के लिए बालू की जरूरत है, वे 9 जून तक निगम निगम द्वारा संचालित बालू घाटों से बालू खरीद सकते हैं।
आदेश के लागू होने के पहले ही दिन रांची से सटे रातू इलाके की ठाकुरगांव पुलिस ने बालू लदे दर्जनों ट्रैक्टर जब्त किये। दरअसल, 10 जून को बालू की अवैध ढुलाई की रोकथाम के लिए पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान इठहे, बनापीडी मार्ग में करीब दर्जन भर ट्रैक्टर को बालू समेत जब्त किया गया। पुलिस सभी थाना ले आई।
जानकारी के मुताबिक अभियान की सूचना पाकर दर्जनों ट्रैक्टर गुप्त रास्ते से भाग निकलने में कामयाब रहे। अभियान से बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।