उपायुक्‍त का किसानों को सलाह, सिर्फ ले नहीं, समय पर चुकाएं केसीसी लोन

कृषि झारखंड
Spread the love
  • सभी प्रखंड मुख्यालयों में हुआ मेगा केसीसी ऋण वितरण कैंप का आयोजन

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। बिरसा किसान सम्मान समारोह सह मेगा केसीसी ऋण वितरण कैंप का आयोजन लोहरदगा के सभी प्रखंड मुख्यालयों में किया गया। जिले में मेगा कैंप का शुभारंभ उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कुडू प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय से किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्‍ण ने कहा कि केसीसी का उपयोग कर किसान खुशहाल हो सकते हैं। इस राशि का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों में ही करें। यह काफी कम ब्याज पर उपलब्ध है। सिर्फ केसीसी लोन ले ही नहीं, बल्कि उसे समय पर चुकाएं। अगर आप पैसा समय से चुकायेंगे तो बैंक का आपके उपर विश्वास मजबूत होगा। आप सभी ज्यादा से ज्यादा आवेदन दें और केसीसी का लाभ उठायें। किसान एक वर्ष में दो-तीन फसल भी अपने खेतों में उगा सकते हैं। अपनी आय बढ़ा सकते हैं। किसान ग्रीन हाउस विधि से फूलों और सब्जी की खेती के साथ अन्य नकदी फसल भी अपनी आय बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।

जल प्रबंधन अवश्य करें किसान

उपायुक्त ने कहा कि किसानों के लिए जल प्रबंधन बहुत आवश्यक है। बिना सिंचाई के फसल उगाना संभव नहीं है। अगर आप पानी बचाते हैं तो आपको सिंचाई करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। जो किसान जैसा जल प्रबंधन करेगा वह वैसा ही सफल होगा।

केसीसी का किया गया वितरण

कुडू प्रखंड मुख्यालय में आयोजित केसीसी वितरण कैंप में 393 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 45 लाख 60 हजार रूपये का ऋण तिवरण किया गया। सांकेतिक रूप से अतिथियों के द्वारा भी लाभुकों के बीच ऋण का वितरण किया गया।

प्रखंडों में बांटा गया केसीसी ऋण

मेगा कैंप के अंतर्गत किस्को प्रखंड में 583 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 78 लाख 40 हजार रुपये, कैरो प्रखंड में 244 लाभुकों के बीच 97 लाख 72 हजार रुपये, भंडरा प्रखंड में 570 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 96 लाख 39 हजार रुपये, कुडू प्रखंड में 393 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 45 लाख 60 हजार रुपये, लोहरदगा प्रखंड में 316 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 29 लाख 56 हजार 700 रुपये की राशि, सेन्हा प्रखंड में 331 लाभुकों के बीच 1 करोड़ 37 लाख 23 हजार रुपये की राशि का ऋण वितरण किया गया। पेशरार प्रखंड से 104 लाभुकों का 42 लाख 82 हजार रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत किया गया है।

मेगा कैंप में ये भी थे मौजूद

कुडू में आयोजित कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी, जिला परिषद सदस्य कुडू पूर्वी गंगत्री देवी, प्रखंड प्रमुख मुनी देवी, प्रखंड उप प्रमुख एनुल अंसारी, बीस सूत्री अध्यक्ष सदरूल अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।