बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हुआ ग्रीष्मकालीन शिविर

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। ग्रीष्मकालीन शिविर विद्यार्थी जीवन का अनिवार्य हिस्सा है। यह छुट्टियों में आयोजित किए जाने वाला एक कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य छात्रों को सीखने के माहौल को बढ़ावा देना और नए कौशल सिखाना है। इसी उद्देश्य से स्वामी सहजानंद ब्रिजफोर्ड स्कूल, धुर्वा ने एडूजार के साथ मिलकर दो दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजि‍त किया था।

इस शिविर में कक्षा प्री नर्सरी से नवम के छात्र-छात्राओं ने हिस्‍सा लिया। दो दिनों तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए मस्ती भरे खेलों का आयोजन किया गया था। इसमें पेंटिंग बनाना, कुम्हार द्वारा मिट्टी के दीये एवं खिलौने बनाना सीखना, फैशन शो, जादुई खेल, जलेबी दौड़, संगीत युक्त कुर्सी दौड़, बैलून फोड़ना, रस्साकशी, पासिंग बॉल, चेहरे पर पेंटिंग करना, पेपर नृत्य, ट्रमपॉलिन, हिट हड आदि शामिल थे।

रोबोटिक्स और हाइड्रो फार्मिंग की ट्रेनिंग भी दी गई। डीजे की धुन पर बच्चों ने रेन डांस  का लुत्‍फ उठाया। छात्र-छात्राओं ने अपनी रूचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में उत्साह पूर्वक भाग लिया। अपनी प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारा।

मस्ती भरे खेलों के बाद बच्चों ने लजीज व्यंजन और जूस का मजा लिया। उन्हें टाइम मैनेजमेंट के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतियोगिताओं में सफल होने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गुंजन भसीन ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर  बच्चों को एक साथ आने और मौज मस्ती करने का एक विशेष शिविर है। आज के इस प्रगतिशील युग में बच्चों की चहुंमुखी प्रतिभा का विकास होना परम आवश्यक है।