भगवान के दर से लौट रहे थे युवक, रास्‍ते में मौत से हो गया सामना

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। भगवान के दर से छह युवक लौट रहे थे। रास्‍ते में मौत से सामना हो गया। उसने दो को अपने आगोश में समा लिया। चार घायल हैं। एक की हालत चिंताजनक है। यह स्थिति पूजाकर लौटने के क्रम में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्‍त होने से हुई।

जानकारी मुताबिक छह युवक तारापीठ से पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे। इस क्रम में उनका चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। इसमे दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अखिल सिंह और विकाश गुप्ता के रूप में हुई है। घटना में वाहन में सवार चार अन्‍य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल बोकारो जिले के जारंगडीह के निवासी बताये गये हैं। सड़क दुर्घटना 28 जून की अहले सुबह बीरभूम-झारखंड सीमा पर रामपुरहाट-दुमका मार्ग पर सुरीचुआ गांव के पास हुई।

जानकारी के अनुसार तीर्थयात्री युवक सोमवार की सुबह बीरभूम के तारापीठ से चार पहिया वाहन से मां तारा की पूजा-अर्चना कर झारखंड के बोकारो जिले के जारंगडीह लौट रहे थे। इसी बीच सुनिचुआ गांव के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। हादसे की खबर मिलते ही रामपुरहाट पुलिस और रामपुरहाट फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी।

दमकलकर्मियों ने मृतक और घायलों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। इस खबर के बेरमो के जारंगडीह पहुंचते ही यहां मातम पसर गया। आनन फानन में युवकों के परिचित और परिजन घटना स्थल के लिए निकल पड़े। बताया जाता है कि जारंगडीह से लगभग सात से आठ गाड़ियां घटनास्‍थल के लिए निकली है।