मुंबई। मुंबई में पुलिस ने 30 वर्षीय सोशल मीडिया स्टार को गिरफ्तार किया है। 30 वर्षीय अभिमन्यु गुप्ता पर शानो शौकत से भरी जिंदगी जीने के लिए चोरियां और घर में तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम देते हैं। इस बारे में पुलिस ने बताया कि आरोपी अभिमन्यु गुप्ता के पास से 14 मोबाइल फोन, धारदार हथियार, नकली ज्वैलरी और विदेशी मुद्रा भी बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि अभिमन्यु गुप्ता सोशल मीडिया पर बहुत मशहूर है और टिक टॉक पर कभी उसकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग हुआ करती थी। वह शानो शौकत की जिंदगी जीने के लिए मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में चोरी की वारदात करता था।
पुलिस के मुताबिक, वारदातों को अंजाम देने के दौरान वह अपनी पहचान छुपाने के लिए टोपी और चेहरे पर मास्क पहनता था। बीते हफ्ते कुर्ला में एक घर में चोरी हुई, चोर ताला तोड़कर सोने और चांदी के गहने चुरा ले गया। जब परिवार वापस आया तो उसने घर का ताला टूटने और घर से गहने गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
इसके बाद पुलिस ने जांच के तहत 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को स्कैन किया, एक फुटेज में आरोपी ने एक जगह पर अपनी टोपी और मास्क उतारा, तब उसकी पहचान हुई। जिसके बाद उसे कुर्ला से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस को आरोपी अभिमन्यु गुप्ता के जूते और चप्पल से भरे चार बैग मिले। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह कसीनो और महंगे कपड़े खरीदने में इन पैसों को खर्च करता था।