रांची। बिहार के कैमूर जिले से नाबालिग छात्रा के अपहरण के बाद रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा बीते 23 मई को दादा के साथ फार्म भरने के लिए स्कूल पहुंची थी। दादा किसी काम से स्कूल से बाजार चले गये।
बताया गया है कि फॉर्म भरने के बाद छात्रा स्कूल से बाजार जाने के लिए निकली। बीच रास्ते में चांद थाना क्षेत्र के कुड्डी गांव निवासी रामबचन राम का पुत्र रामनिवास राम छात्रा को ऑटो में जबरन बिठा लिया और उसका मुंह बंद कर दिया। रामनिवास राम छात्रा को अगवा कर सीधे रांची निकल गया, जहां उसके साथ जबरन मुंह काला किया। किसी तरह नाबालिग छात्रा गुरुवार को रांची से अपने गांव पहुंची, तो डरी-सहमी छात्रा ने पूरी घटना से अपने परिवार वालों को अवगत कराया।
परिजनों ने महिला थाना भभुआ पहुंचकर लिखित तौर पर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद दुष्कर्म के आरोपी रामनिवास राम को गुरुवार की देर रात भभुआ चौक से गिरफ्तार कर लिया। महिला थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच करायी गयी है। साथ ही 164 के तहत छात्रा का बयान कोर्ट में दर्ज कराया गया है।