पलामूः दुल्हन का सांवला रंग देखकर मंडप से भागा दूल्हा, जानें आगे क्या हुआ

झारखंड
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू जिले से चौंकाने वाली खबर आयी है। चैनपुर थाना क्षेत्र में एक दूल्हे ने शादी से सिर्फ इसलिए इंकार कर दिया, क्योंकि दुल्हन सांवली थी। यह हैरत भरा मामला चैनपुर इलाके के चमरदोहरी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात शादी की रस्म होनी थी, लेकिन लड़की के सांवली होने के कारण दूल्हे ने दुल्हन से शादी करने से मना कर दिया।

हालांकि इसके बाद लड़की वालों ने लड़के पक्ष को बहुत मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। यही नहीं, जब लड़के ने लड़की पक्ष की बात नहीं मानी, तो मामला और बिगड़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। वहीं, लड़का अपने परिजनों के साथ वरमाला छोड़कर अपने घर भाग गया, जबकि यह मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन बारात को बैरंग ही लौटना पड़ा। यहां बता दें कि चैनपुर थाना क्षेत्र के चमरदोहरी निवासी संजय यादव ने अपनी पुत्री शोभा की शादी अवसाने गांव के चंदन कुमार यादव के साथ तय की थी।

बताया जा रहा कि शादी के पहले लड़की देखकर शादी तय हुई थी। रविवार की रात बैंड बाजे के साथ धूमधाम से बारात आई और वरमाला का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जा रहा था। सब कुछ ठीक-ठीक चल रहा था, इसी बीच लड़के ने लड़की को देखा, तो उसे लड़की सांवली लगी। मौके पर लड़का वरमाला छोड़ भाग गया। इधर उग्र गांव वालों ने लड़के के चाचा और पिता को बंधक बना लिया। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पहुंच सभी को थाने में ले गयी और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गयी।