झारखंड पंचायत चुनाव : कहीं बूथ पर पत्थरबाजी, कहीं बेहोश हुए पीठासीन पदाधिकारी

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर तीखी धूप में भी मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। हालांकि कई जगह उपद्रव व अन्य घटनाओं की सूचना है। गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड स्थित जमबाद के बूथ संख्या-32 में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इससे पहले धुरैता पंचायत के नईटांड़ में मतदान केंद्र संख्या-80 पर पत्थरबाजी हुई। इसमें एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। वहां पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा था।

इधर गिरिडीह सदर प्रखंड के बूथ संख्या-297/298 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, गरहाटांड में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को खदेड़ दिया। वहीं बोकारो के गोमिया स्थित स्वांग दक्षिणी पंचायत में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए बूथ नंबर 208 व 209 में चुनाव रद्द करना पड़ा। शेष तीनों पदों जिला परिषद सदस्य, मुखिया व वार्ड सदस्य के लिए चुनाव हो रहा है। गलती से इन बूथों में दूसरी पंचायत के बैलेट पेपर आने की बात कही जा रही है। एसडीओ अनंत कुमार ने इसकी पुष्टि की।

इधर गिरिडीह जिले के जमुआ स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोलीडीह में मुखिया प्रत्याशी के समर्थन में रांची से पहुंचे बाउंसरों को पुलिस ने खदेड़ा। काली ड्रेस में आधा दर्जन से अधिक बाउंसर पहुंचे हुए थे। ये मतदाताओं को दिग्भ्रमित कर रहे थे। हालांकि एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो मौके पर मौजूद थे। वहीं दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय आलूबेड़ा के बूथ संख्या-60 के तृतीय पीठासीन पदाधिकारी सिंघयी गृही ड्यूटी के दौरान बेहोश हो गए।

पीठासीन पदाधिकारी को मिर्गी का दौरा पड़ गया था, जिसके बाद वे चक्कर खाकर गिर गए। प्रखंड मुख्यालय से तत्काल वहां चिकित्सक भेजा गया। फिर पीठासीन पदाधिकारी को रिप्लेस किया गया है। रामगढ़ के बीडीओ कमलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि चुनाव में मतदान करा रहे सिंघयी गृही की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रिप्लेस कर दिया गया है।