झारखंड किसी परिवार की जागीर नहीं, सवा तीन करोड़ जनता की अमानत है : दीपक

Uncategorized
Spread the love

  • भाजपा जज और पुलिस नहीं, राज्य की कर रही चौकीदारी

रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक 1 मई को हुई। बैठक के बाद प्रेस से प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोर कमेटी में राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार की नाकामियों पर चर्चा हुई। यह सरकार अपनी नाकामी और विफलताओं से घिरी है। इसने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी है। भाजपा को राज्य की जनता ने विपक्ष की भूमिका सौंपी है। पार्टी उसका ईमानदारी से निर्वहन कर रही है।

प्रकाश ने कहा कि भाजपा जज, पुलिस नहीं, बल्कि राज्य की सुरक्षा में चौकीदार है। हम राज्य की चौकीदारी कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि जज तो सवा तीन करोड़ जनता है, जो समय सीएम को सजा सुनाएगी। भाजपा मजबूत विपक्ष की भूमिका में  जनता को सीएम की नाकामियां बता रही।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि यह सरकार बताए कि मुख्यमंत्री ने अपने नाम पर अपनी कलम से कैसे खान का लीज ले लिया। एक उद्योग मंत्री के रूप में पत्नी को आद्योगिक भूमि आवंटित कर दिया। अपने भाई, अपने प्रतिनिधि को भी खनिज के पट्टे दे दिए। ऐसे इतिहास रचने का जवाब जनता मांग रही, जिसे देना पड़ेगा। सरकार को इसका जवाब जनता को देना चाहिये। यह राज्य किसी परिवार की जागीर नहीं, बल्कि सवा तीन करोड़ जनता की  अमानत है। जनता ने राज्य सरकार को बड़ी उम्मीद से सेवा का अवसर दिया, लेकिन सारी उम्मीदें अब टूट गई। यह गठबंधन सरकार ठगबंधन ही साबित हुई।

प्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव में इस सरकार ने राज्य के पिछड़ा समाज को धोखा दिया। जनजाति समाज को जाति प्रमाणपत्र से धर्म का कॉलम हटाकर धोखा दिया। यह सरकार जनविरोधी, पिछड़ा विरोधी, महिला विरोधी, दलित विरोधी है, जिसने शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है।

बैठक में नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद सुनील सिंह, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद समीर उरांव शामिल हुए।