रांची। झारखंड के मनईटांड़ के डुमरियाटांड़ में प्रेमिका के शहर छोड़ने की जानकारी से दुखी होकर एक प्रेमी ने खुदकुशी कर ली है। प्रेमी ने प्रेमिका को वीडियो कॉल किया और उसके सामने लाइव फांसी लगाई।
खबर के मुताबिक, डुमरियाटांड़ इकबाल बाजार के एक कमरे में 19 वर्षीय अरबाज खान की लाश फंदे से झूलते मिली। मृतक की बहन ने भाई की मौत के लिए उसकी प्रेमिका को जिम्मेदार ठहराया है। युवक का पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका के घरवालों को इस बारे में जानकारी लग गई थी। प्रेमिका के पिता उसे हमेशा के लिए हजारीबाग भेज रहे थे।
जब युवक को इस बारे में पता चला तो वह प्रेमिका से रुकने की मिन्नतें करने लगा। तब प्रेमिका ने पिता के आदेश की दुहाई दी। जब प्रेमिका ने बात नहीं मानी तो अरबाज ने खुदकुशी कर ली।
पुलिस के मुताबिक, देर शाम दोनों के बीच 11 बार वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। अरबाज के शव के बगल से मिले मोबाइल से इसकी पुष्टि हुई है। मामले की जानकारी लगने के बाद प्रेमिका का पूरा परिवार घर छोड़ कर कहीं चला गया है। उनके घर पर ताला लगा था। इस मामले में मृतक की बहन ने प्रेमिका पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस फिलहाल इस मामले की छानबीन में जुटी है।