सीवान में बेखौफ बदमाशों ने डकैती का विरोध करने पर आधा दर्जन लोगों को मारी गोली

देश बिहार
Spread the love

सीवान। बिहार के सीवान जिले में अपराधी बेखौफ हो गये हैं। एमएच नगर थाना क्षेत्र के मेरही गांव में सोमवार की देर रात डकैती के दौरान विरोध करने पर डकैतों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गये।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटना पकड़ी पंचायत के मेरही गांव की है, जहां दिनेश सिंह के घर डकैती करने आये अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। इसमें दिनेश सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। उनके साथ-साथ मनोज सिंह, मिथुन सिंह, पंकज सिंह, शंभूनाथ सिंह, अभिजीत सिंह घायल हो गये हैं।

गृहस्वामी की पुत्री रंजना देवी ने बताया कि देर रात 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद अपराधी आये और घर में घुसने लगे, विरोध करने पर दिनेश सिंह को लाठी और बंदूक से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित व्यक्ति ने जब शोर करना शुरू किया, तो अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी। शोरगुल सुन जब गांव के लोग बचाव करने पहुंचे, तो अपराधियों ने गोली चलाना शुरू कर दिया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गये।

घायलों का प्राथमिक इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुरा में कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को सीवान रेफर किया गया। घटना में दिनेश सिंह अधिक घायल हुये हैं, जिन्हें पटना रेफर कर दिया गया।