चक्रवात ‘असानी’ का असर, कई उड़ानें रद्द, जानें अपडेट

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। चक्रवात ‘असानी’ के प्रभाव से कई राज्‍यों में बारिश होने के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। इसका असर भी दिखाने लगा है। इसके कारण चेन्‍नई एयरपोर्ट से कई उड़ाने रद्द कर दी गई है। झारखंड में भी कई जिलों में आकाश में बादल छाये हुए हैं।

विशाखापत्तनम चक्रवात चेतावनी केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर कुमार ने बताया कि चक्रवात ‘असानी’ विशाखापत्तनम से लगभग 330 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में है। आज रात तक इसके उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है।

कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के उत्तर-पश्चिम में बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के रूप में कमजोर होने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना है।

चेन्‍नई एयरपोर्ट ने बताया कि हैदराबाद, विशाखापत्तनम, जयपुर और मुंबई सहित 10 उड़ानें चेन्नई हवाई अड्डे पर चक्रवात आसनी के कारण रद्द कर दी गईं। यात्रियों को इसकी सूचना कल दी गई।

झारखंड में भी चक्रवात का आंशिक असर देखने को मिलेगा। आज राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में कहीं-कहीं देखने को मिलेगा।