चक्रवात ‘असानी’ का दिखने लगा असर, जानें अपडेट

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। बंगाल की खाड़ी में आया तूफान ‘असानी’ रविवार को चक्रवात में बदल गया। सोमवार को उसका असर दिखने लगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर सलाह जारी की है। यह 11 मई की शाम तक पुरी के दक्षिण में पहुंचेगा।

जानकारी के मुताबिक चक्रवात ‘असनी’ वर्तमान में दक्षिण पूर्व अंडमान में है, जो उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 10 मई तक उसी दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है। बाद में यह विशेष रूप से ओडिशा के समानांतर आगे बढ़ेगा। 11 मई शाम तक पुरी के दक्षिण में पहुंचेगा।

कोलकाता आईएमडी ने बताया कि आज अगले 2-3 घंटों तक पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कोलकाता, हुगली और पश्चिम मिदनापुर जिलों में आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। चक्रवात को लेकर बंगाल, ओड़िशा और आंध्र प्रदेश जैसे राज्य अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर मंगलवार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है।

चक्रवात असानी के मद्देनजर, बंगाल के मछुआरों को समुद्र में और बंगाल के तटीय क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। चक्रवात असानी का असर सुंदरबन में भी देखने को मिलेगा। किसी भी आपदा को रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। ब्लॉक लेवल पर कंट्रोल रूम्स को खोल दिया गया है।