जमशेदपुर में मनोज तिवारी, शक्ति कपूर समेत इन अभिनेताओं पर दर्ज होगा केस, जानें पूरा मामला

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के 150 करोड़ के फर्जीवाड़ा में भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर, राजा मुराद पर केस दर्ज होगा। इसके अलावा कंपनी के एमडी चंद्रभूषण सिंह, प्रियंका सिंह और परसुडीह विद्यासागर पल्ली निवासी सूर्य नारायण पात्रो के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फर्जीवाड़ा के शिकार नौ लोगों ने अधिवक्ता विद्या सिंह के माध्यम से सीजेएम की अदालत में शिकायतवाद दाखिल किया है।

कोर्ट ने मामले में संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। मानगो निवासी सुबोध कुमार सिंह, मिथलेश कुमार सिंह, गोविन्दपुर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह, उनकी पत्नी पूनम सिंह, मानगो जवाहरनगर निवासी अजीत कुमार, गोलमुरी निवासी तीर्थराज पांडे, उनकी पत्नी सोनी कुमारी, मानगो डिमना रोड निवासी लक्ष्मी तिवारी और उनके पति अरविंद तिवारी आदि ने 30 लाख रुपए धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। मामले की प्राथमिकी साकची थाने में दर्ज की जाएगी।

शिकायतवाद में लोगों ने बताया है कि कंपनी की ओर से 15 प्रतिशत ब्याज देने की बात कहकर एजेंट सूर्य नारायण पात्रो ने लोगों से रुपए निवेश कराए। इस कंपनी का प्रचार अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और राजा मुराद करते थे। उनके विश्वास में आकर लोगों ने अपनी मेहनत की पूंजी कंपनी में निवेश कर दी। इससे पहले साकची थाने में कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था।