पत्नी को मुखाग्नि देकर उसी जलती चिता में कूद पड़ा युवक, फिर…

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। यूपी के महोबा जिले में पत्नी की जलती चिता पर कूदकर एक युवक ने जान देने की कोशिश की। लोगों ने उसको तुरंत पकड़कर चिता से दूर किया। युवक को झुलसी हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

दरअसल, महिला ने पति से नाराज होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। यह मामला महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुर का है। यहां ड्योढ़ीपुरा मोहल्ले के निवासी ब्रजेश का विवाह 4 वर्ष पूर्व ग्राम अकौना निवासी रामचरन की पुत्री उमा के साथ हुआ था।

ब्रजेश के परिजन का कहना है कि बीते रोज ब्रजेश की पत्नी उमा ने इलाज के लिए पति से 5 हजार रुपये मांगे थे। इस पर ब्रजेश ने सुबह इंतजाम कर पैसे देने के लिए कहा। पत्नी ने नाराज होकर देर रात फांसी लगा ली। जब ब्रजेश ने देखा तो तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए जैतपुर कस्बा के ड्योढ़ी श्मशान घाट ले जाया गया, जहां ब्रजेश मुखाग्नि देने के बाद जलती चिता में कूद पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर बाहर निकाला।