लुधियाना में बिहार के एक ही परिवार के पांच बच्चों समेत सात जिंदा जले

अन्य राज्य देश
Spread the love

लुधियाना। पंजाब से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है, जहां एक झोपड़ी में आग लगने से एक ही परिवार के सात लोग जिंदा जल गए। सभी लोगों की मौत की सूचना है। मृतक बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रवासी मजदूर की झोपड़ी में आग लगने से घर के मुखिया व बच्चों की मौत हुई है। घटना टिब्बा रोड स्थित मक्कड़ कॉलोनी क्षेत्र की है। जिस झोपड़ी में आग लगी वो कूडे के ढेर से लगा हुआ बताया जा रहा है। मंगलवार देर रात अचानक ही इसमें आग लग गई। देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की चपेट में चली गई और अंदर सो रहा पूरा परिवार ही इसकी चपेट में आ गया।

घटना में पति-पत्नी व पांच बच्चों की मौत हुई है। शवों को बरामद करने के बाद मृतकों की पहचान सुरेश साहनी उम्र 55 वर्ष, उनकी पत्नी अरुणा देवी उम्र 52 वर्ष, चार बेटियां राखी उम्र 15 वर्ष , मनीषा उम्र 10 वर्ष , गीता उम्र 8 वर्ष और चंदा उम्र 5 वर्ष व 2 साल के बेटे सन्नी के रूप में हुई है।