रांची। झारखंड में कोरोना को लेकर बरती जा रही लापरवाही फिर भारी पड़ने लगी है। शनिवार को भी जिले में चार संक्रमित मिले हैं। हालांकि, राज्य के अन्य जिलों में नये मरीजों का मिलना बंद हो गया था, लेकिन बीते 72 घंटों में अलग-अलग जिलों में कोरोना से दो लोगों की मौत के बाद चिंता बढ़ रही है।
अब गिरिडीह में एक मरीज की मौत कोरोना से हो गई है। इससे पहले धनबाद में मौत हुई थी। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5317 तक पहुंच गई है। रांची को छोड़कर झारखंड के 23 जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या शून्य हो गई थी। 22 अप्रैल को गिरिडीह में एक मरीज को पॉजिटिव पाये जाने के बाद इलाज शुरू किया गया। उसी दिन कोविड से उसकी मौत हो गई। इससे पहले 21 अप्रैल को धनबाद में एक मरीज की मौत हो गई थी।
16 अप्रैल को रांची में कोरोना के 5 सक्रिय मरीज थे। इसके बाद से लगातार नये मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। हालांकि, मरीज रिकवर भी हो रहे हैं। शनिवार को रांची में 4 नये मरीज मिलने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 22 हो गई है।