औरंगाबाद में छह सहेलियों ने एक साथ खाया जहर, तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर

देश बिहार
Spread the love

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले से दुखद खबर आयी है। कसामा थाना क्षेत्र के चिरैला गांव में 6 सहेलियों ने एक साथ जहर खा लिया, जिससे 3 की मौके पर ही मौत हो गई और तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर एमके चौधरी, सीओ अवधेश कुमार सिंह, कसमा थाना अध्यक्ष राजगृह प्रसाद दल बल के साथ पहुंचे। औरंगाबाद एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

जहर खाने से मनोज पासवान की 14 वर्षीय पुत्री नीलम कुमारी, राजेश पासवान की पुत्री काजल कुमारी और रामप्रवेश पासवान की पुत्री अनीषा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तपेश्वर प्रसाद की 12 वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी की हालत नाजुक बताई जा रही है तथा राजेंद्र पासवान की 13 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी एवं पासवान की 15 वर्षीय पुत्री बरसा कुमारी का गया मगध मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

इलाजरत सुनीता कुमारी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कसमे वादे खाने के बाद अनाज में उपयोग की जाने वाली सल्फास की गोली सभी ने एक साथ खाई थी। पुलिस को घटनास्थल से सल्फास की गोली मिली है। जानकारी के अनुसार सभी युवती प्रेम प्रसंग में पड़ी हुई थीं। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

थाना अध्यक्ष राजगृह प्रसाद का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। जांच जारी है।