रांची। बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) द्वारा घोषित परीक्षाफल में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के 18 छात्र-छात्राओं को सफलता मिली है। इन विद्यार्थियों का भारत के राष्ट्रीयकृत बैंकों में कृषि क्षेत्र अधिकारी/प्रोबेशनरी पदाधिकारी के पद पर चयन हुआ है।
सफल छात्रों में विश्वविद्यालय के रांची कृषि विश्वविद्यालय से 2014-15 बैच के छात्र सुनील मेहता, 2015-16 बैच के छात्र सुशील महतो, 2016-17 बैच से दीपशिखा कुमारी और स्प्रीहा भारती एवं 2017-18 बैच से करुणा गुप्ता, श्रेया स्नेही, आदर्श मिश्रा,सिद्धांत चौधरी, शिखा झा, अभिषेक कुमार महतो, अभिषेक डुंगडुंग, आकांक्षा कुमारी एवं अदिति साव शामिल है।
विश्वविद्यालय के 2017-18 बैच से नव स्थापित कृषि महाविद्यालय, गढ़वा से लाबेंदर सोय और स्वस्ति सिन्हा एवं तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा से कुमार अविनाश का चयन हुआ है। छात्रों का चयन कृषि क्षेत्र अधिकारी और प्रोबेशनरी पदाधिकारी के पद पर हुआ है।

आदर्श मिश्र (बोकारो) का चयन केनरा बैंक, सिद्धांत चौधरी (पूर्णिया, बिहार), श्रेया स्नेही (गिरिडीह) और करुणा गुप्ता (बोकारो) का पंजाब नेशनल बैंक में हुआ है। दीपशिखा कुमारी (चाईबासा) और शिखा झा (बोकारो) का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आकांशा कुमारी (रांची) का इंडियन बैंक, सुनील मेहता (रांची) सुशील महतो (सरायकेला), स्पृहा भारती (रांची), अभिषेक कुमार महतो (धनबाद), अभिषेक डुंगडुंग (सिमडेगा), लाबेंदर सोय (सरायकेला), स्वस्ति सिन्हा (चतरा) एवं कुमार अविनाश (धनबाद) का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और अदिति साव (सिमडेगा) का बैंक ऑफ इंडिया में चयन हुआ है। सभी छात्रों को करीब 7 लाख सालाना के पैकेज पर चयनित किया गया है।
छात्रों ने बताया कि आईबीपीएस द्वारा इस परीक्षा को तीन चरणों में आयोजित की गई थी, जिनमें प्रीलिम्स परीक्षा दिसंबर में, मुख्य परीक्षा जनवरी में और इंटरव्यू मार्च में ली गई थी। आईबीपीएस द्वारा हर साल कृषि क्षेत्र अधिकारी के पद पर कृषि छात्रों की भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित किया जाता है। छात्रों ने बैंक परीक्षा की तैयारी के दौरान समर्थन और मार्गदर्शन के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है।
छात्रों की सफलता पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने हर्ष व्यक्त की। सभी सफल छात्रों को बधाई दी है। डीन एग्रीकल्चर डॉ एसके पाल, डीएसडब्ल्यू डीके शाही, डी पीके सिंह, डॉ नीरज कुमार व डॉ एचसी लाल सहित अनेकों शिक्षकों ने छात्रों की अपार सफलता पर शुभकामना व बधाई व्यक्त की।