औरंगाबाद में होली की खरीदारी करने बाजार जा रहे झारखंड के तीन मजदूरों को ट्रक ने रौंदा

देश बिहार
Spread the love

औरंगाबाद। औरंगाबाद के मदनपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने राह चलते मजदूरों को रौंद डाला। इस सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गयी है, जबकि एक घायल है। मृतकों में झारखंड राज्य के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के विल्लागढ़ गांव निवासी सहवीर उरांव और फोरी गांव निवासी सीताराम उरांव शामिल हैं। घायल मजदूर का नाम कुंवर पन्ना है।

वह गुमला जिले के ही वर्षा कुम्हरटोली का रहने वाला है। सभी मजदूर भारत ईंट भट्टा पर काम करते थे। शुक्रवार को तीनों होली का सामान खरीदने शिवगंज बाजार पैदल जा रहे थे। उसी दौरान दधपी गांव के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। घटना में सभी घायल हो गए। इस दौरान चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

आसपास के लोगों ने आनन- फानन में घायल मजदूरों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी लोगों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचते-पहुंचते सहवीर उरांव और सीताराम उरांव की मौत हो गई।

इधर घायल मजदूर को इलाज के लिए सदर अस्पताल से रेफर किया गया। घटना की सूचना पर भट्ठा मालिक सहित कई लोग सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस की टीम भी पहुंच गई। परिजनों को जानकारी देकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। मदनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हुई है। घटना का अंजाम देने वाले ट्रक की बरामदगी और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।