Jharkhand Weather

चक्रवात ‘आसनी’ की वजह से झारखंड पर ये होगा असर

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। चक्रवात ‘आसनी’ के चक्रवाती तूफान बन जाने के संकेत मिले हैं। इसका असर देश के कई राज्‍यों में पड़ने की संभावना है। रांची मौसम केंद्र ने झारखंड में इसके प्रभाव के बारे में बताया है। केंद्र के मुताबिक चक्रवात का ‘आसनी’ नाम श्रीलंका का दिया हुआ है। इसका हिंदी में अर्थ प्रकोप होता है।

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में झारखंड में एक-दो जगहों पर बहुत ही हल्की दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई है। डाल्टनगंज में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

गोड्डा के कृषि विकास केंद्र में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में 36 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस, बोकारो थर्मल में 36.5 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 38.4 डिग्री सेल्सियस और देवघर में 40.2 डिग्री सेल्सियस किया गया है।

आनंद ने बताया कि चक्रवात का झारखंड में कोई प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। इसके प्रभाव से थोड़े बहुत बादल देखने को मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में भी यह देखने को मिलेंगे। यह पूर्वी और पछुआ हवा के मिलन से बादल बनते दिख रहे हैं।

केंद्र के मुताबिक बादल छाये रहने की वजह से मंगलवार से तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिलेगी। इसके कारण बीते कई दिनों से चल रही लू पर भी विराम लग जाएगा।