इन दो वीसी ने बढ़ाया झारखंड का मान, चांसलर के हाथों मिला कर्नल का सम्मान

झारखंड
Spread the love

रांची। राज्यपाल ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग और सिदो कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के कुलपति को कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया।

गवर्नर कम चांसलर रमेश बैस ने सोमवार को राजभवन में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मुकुल नारायण देव तथा सिदो कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सोनाझरिया मिंज को कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया। इसके साथ ही दोनों कुलपति को अपने-अपने विश्वविद्यालय के अंतर्गत एन.सी.सी. ऑफिसर एवं कैडेट्स के लिए कर्नल कमांडेंट के पद पर नियुक्त किया गया।

रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से चयनित उन कुलपतियों को ही मानद कर्नल की उपाधि दी जाती है, जिन्होंने एनसीसी के विस्तार एवं उत्थान के लिए अपने विश्वविद्यालय में विशेष योगदान दिया है। इन कुलपतियों ने अपने विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स का उचित प्रोत्साहित करने का कार्य किया। इनके इन कार्यों को देखते हुए एनसीसी महानिदेशक की अनुशंसा पर भारत सरकार ने उन्हें कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित करने का निर्णय लिया।

समारोह में एनसीसी के वायु सेना एवं नौसेना अंग के कैडेट्स ने कई हवाई जहाज एवं समुद्री जहाज के मॉडल्स का भी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बिहार और झारखंड के एनसीसी के अपर महानिदेशक मेजर जनरल इंद्र बालन भी मौजूद थे।