पटना गांधी मैदान में बिहार दिवस की तैयारियां पूरी, कल से तीन दिनों तक चलेगा समारोह, जानें खूबियां

देश बिहार
Spread the love

पटना। ऐतिहासिक गांधी मैदान पटना में मंगलवार से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। समारोह का आगाज राज्य गीत और बिहार गौरव गान से होगा। मौके पर देश के प्रसिद्ध गायक सुखविंदर अपनी गायकी से लोगों को झुमाएंगे।

शिक्षा और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि स्कूली बच्चों के लिए आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में उनके वैज्ञानिक चिंतन और सोच से लोग अवगत होंगे, तो वहीं बिहार के पर्यटन, नदियों के उदगम स्थल और अंतिम छोर के बारे में मानचित्रों से आमलोगों को जानकारी दी जाएगी।

इस समारोह में राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और उन संस्थानों के स्तर से भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नीतीश सरकार ने पूरे समारोह में 18 विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की है, जो अपने कार्यक्रमों के माध्यम से आमलोगों को जागरूक करेंगे। जीविका की दीदीयां अपने हुनर का भी प्रदर्शन करेंगी। कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, ऊर्जा विभाग, उद्योग विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पर्यटन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग (महिला विकास निगम), सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, परिवहन विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, पशुपालन विभाग, श्रम संसाधन विभाग, शिक्षा विभाग के अलावा बिहार किलकारी एवं बिहार रिन्युएबुल इनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (ब्रेडा) की ओर से गांधी मैदान में बने पवेलियन एवं स्टॉल भी आकर्षण के केंद्र होंगे।