कांग्रेस नेता के खिलाफ फेक न्यूज फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक वेब जर्नलिस्ट को किया गिरफ्तार

देश
Spread the love

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ कथित रूप से फेक न्यूज फैलाने के आरोप में एक वेब जर्नलिस्ट को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पत्रकार और राजनीतिक व्यंग्यकार नीलेश शर्मा के खिलाफ मार्च के महीने में रायपुर के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा, पत्रकार के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने का इरादा) और 505 (अफवाह फैलाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

शिकायतकर्ता खिलावन निषाद ने कहा कि वह टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल के समर्थक हैं। इंडिया राइटर्स नाम से एक न्यूज पोर्टल कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए पूरे राज्य में फेक खबरों को फैला रहा है।

शिकायत में कहा गया कि इस वेब पोर्टल पर एक कॉलम प्रकाशित होता है। इसमें फेक न्यूज के जरिए नकारात्मकता और कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश की जाती हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऐसा कॉन्टेंट प्रकाशित कर रहा था, जिसे लेकर किसी तरह के सबूत भी नहीं थे। पुलिस ने अफवाह फैलाने और फेक खबर फैलाने के लिए नीलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है।